ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए भारतीय महिला हॉकी टीम घोषित, युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का संतुलित मिश्रण |
Posted on:
2026-05-18
नई दिल्ली, 18 मई । हॉकी इंडिया ने 26 से 30 मई तक ऑस्ट्रेलिया के पर्थ में होने वाले दौरे के लिए भारतीय महिला हॉकी टीम की घोषणा कर दी है। भारतीय टीम इस दौरे पर चार मैचों की सीरीज़ खेलेगी, जिसके मुकाबले 26, 27, 29 और 30 मई को पर्थ हॉकी स्टेडियम में आयोजित होंगे।
यह दौरा 15 से 21 जून तक ऑकलैंड में आयोजित होने वाले एफआईएच महिला नेशंस कप 2025-26 की तैयारी के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। भारतीय टीम इस दौरे में अर्जेंटीना के खिलाफ हालिया अच्छे प्रदर्शन के बाद उतरेगी, जहां टीम ने चार मैचों की सीरीज़ में दो जीत दर्ज की थीं। इसके बाद से टीम बेंगलुरु स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) केंद्र में कड़ा अभ्यास कर रही है।
राष्ट्रमंडल खेल-2022 और एशियाई खेलों की कांस्य पदक विजेता सलीमा टेटे को टीम की कप्तानी सौंपी गई है। टीम में अनुभवी खिलाड़ियों के रूप में सविता, सुशीला चानू पुखरामबाम, लालरेमसियामी और नवनीत कौर शामिल हैं, जबकि सोनम, हिना बानो और लालथांतलुआंगी जैसे युवा खिलाड़ियों को भी मौका दिया गया है। फॉरवर्ड लाइन में नवनीत कौर टीम के आक्रमण की अगुवाई करेंगी। उनके साथ बलजीत कौर, दीपिका, अन्नू, इशिका, हिना बानो और रुतुजा दादासो पिसाल को शामिल किया गया है। हिना बानो को भी पहली बार सीनियर टीम में मौका मिला है।
गोलकीपिंग विभाग में सविता और बिछू देवी खारीबाम टीम की जिम्मेदारी संभालेंगी। रक्षा पंक्ति में निक्की प्रधान, इशिका चौधरी, सुशीला चानू पुखरामबाम, लालथांतलुआंगी और ज्योति के साथ शिल्पी डबास को पहली बार सीनियर टीम में जगह मिली है। लालथांतलुआंगी को भी पहली बार सीनियर टीम में चुना गया है। मिडफील्ड में कप्तान सलीमा टेटे के साथ नेहा, लालरेमसियामी, साक्षी राणा, सुनेलिता टोप्पो, दीपिका सोरेंग और सोनम शामिल हैं। सोनम अभी तक सीनियर अंतरराष्ट्रीय पदार्पण नहीं कर पाई हैं।
मुख्य कोच सजोर्डन मारिजन ने टीम चयन पर कहा कि हमने ऐसी टीम चुनी है, जिसमें अनुभवी और युवा खिलाड़ियों का अच्छा संतुलन है। कुछ खिलाड़ियों को पहली बार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलने का मौका मिलेगा। खिलाड़ियों के विकास के लिए अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों का दबाव बेहद जरूरी होता है और यह दौरा उनके लिए खुद को साबित करने का शानदार अवसर होगा। उन्होंने आगे कहा कि यह दौरा आगामी नेशंस कप की तैयारी के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। मैं चाहता हूं कि टीम अर्जेंटीना दौरे के अंतिम दो मैचों जैसा प्रदर्शन लगातार दोहराए और अपने खेल में निरंतरता लाए।”
ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए भारतीय महिला हॉकी टीम:
गोलकीपर:
सविता, बिछू देवी खारीबाम
डिफेंडर:
निक्की प्रधान, इशिका चौधरी, सुशीला चानू पुखरामबाम, लालथांतलुआंगी, ज्योति, शिल्पी डबास
मिडफील्डर:
सलीमा टेटे, लालरेमसियामी, नेहा, साक्षी राणा, सुनेलिता टोप्पो, दीपिका सोरेंग, सोनम
फॉरवर्ड:
नवनीत कौर, बलजीत कौर, दीपिका, अन्नू, इशिका, हिना बानो, रुतुजा दादासो पिसाल।