IMG-LOGO

इंदिरा वार्ड उपचुनाव में मतदान जारी, 1,542 मतदाता अपने नए पार्षद का करेंगे चुनाव

Posted on: 2026-06-01
IMG

जगदलपुर, 01 जून । बस्तर जिला मुख्यालय मेें साेमवार काे नगर निगम जगदलपुर के इंदिरा वार्ड में पार्षद पद के लिए उपचुनाव के तहत मतदान जारी है। वार्ड के 1,542 मतदाता अपने नए पार्षद का चुनाव करेंगे। मतदान सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक दो मतदान केंद्रों पर कराया जा रहा है।

उपचुनाव में भाजपा, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के उम्मीदवाराें के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है। इंदिरा वार्ड में लगभग 30 सालों तक कांग्रेस का वर्चस्व रहा है। कांग्रेस पार्षद के निधन के बाद यहां उपचुनाव कराया जा रहा है। सीट पर कब्जा बनाए रखने और जीत हासिल करने के लिए भाजपा, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने पूरी ताकत झोंक दी है। चुनाव प्रचार के दौरान तीनों दलों के उम्मीदवाराें ने घर-घर जाकर मतदाताओं से समर्थन मांगा। 4 जून को मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे। उपचुनाव में भाजपा ने मनोहर दत्त तिवारी को मैदान में उतारा है, जिन्हें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव का करीबी माना जाता है। वहीं कांग्रेस ने रामकृष्ण तिवारी को उम्मीदवार बनाया है, जबकि आम आदमी पार्टी की ओर से रुबीना कुरैशी चुनाव मैदान में हैं। तीनों उम्मीदवारों के बीच मुकाबला काफी रोचक माना जा रहा है।

इंदिरा वार्ड का यह उपचुनाव राजनीतिक रूप से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यह सीट कांग्रेस के पार्षद रहे अब्दुल रशीद के निधन के बाद खाली हुई है। अब्दुल रशीद लगातार चार बार पार्षद चुने गए थे। इससे पहले उनकी मां भी दो बार इस वार्ड का प्रतिनिधित्व कर चुकी थीं। ऐसे में पिछले करीब 30 सालों से यह वार्ड कांग्रेस का मजबूत गढ़ माना जाता रहा है। कांग्रेस जहां इस परंपरागत सीट को बचाने की कोशिश में जुटी हुई दिखी तो वहीं भाजपा ने इस बार कांग्रेस के गढ़ में सेंध लगाने के लिए पूरी ताकत लगाई है। आम आदमी पार्टी ने भी चुनावी समीकरणों को प्रभावित करने की कोशिश की है।

Tags: