IMG-LOGO

कलेक्टर कार्यालय के लेटरहेड पर डीईओ का नोटिस, शिक्षा विभाग में मचा हड़कंप

Posted on: 2026-06-03
IMG

बलरामपुर, 03 जून । जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) बलरामपुर द्वारा कलेक्टर कार्यालय के लेटरहेड पर जारी किए गए कारण बताओ सूचना पत्र ने शिक्षा विभाग में हलचल मचा दी है। मामला सामने आने के बाद अब सरगुजा संभाग के संयुक्त संचालक शिक्षा विभाग ने भी इसे गंभीरता से लिया है।

संयुक्त संचालक ने स्पष्ट रूप से कहा है कि कलेक्टर कार्यालय के लेटरहेड पर जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा पत्र जारी किया जाना उचित नहीं है और इस संबंध में स्पष्टीकरण मांगा जाएगा।

दरअसल, सोशल मीडिया और विभागीय समूहों में एक कारण बताओ सूचना पत्र वायरल हो रहा है, जो कलेक्टर कार्यालय, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज के लेटरहेड पर जारी किया गया है। पत्र में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बसंतपुर में पदस्थ व्याख्याता (जीव विज्ञान) राजेंद्र कुमार देवांगन को जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। हालांकि पत्र पर हस्ताक्षर जिला शिक्षा अधिकारी के हैं।

27 मई 2026 को जारी पत्र में उल्लेख किया गया है कि, लोक शिक्षण संचालनालय, छत्तीसगढ़ द्वारा जारी आरोप पत्र के संबंध में निर्धारित अवधि के भीतर प्रतिवाद प्रस्तुत नहीं किया गया। इसी आधार पर संबंधित शिक्षक को कारण बताओ सूचना पत्र जारी करते हुए 1 जून 2026 तक जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

पत्र में यह भी कहा गया है कि, निर्धारित समयावधि में जवाब प्रस्तुत नहीं करने की स्थिति में संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध पृथक आरोप पत्र जारी करने का प्रस्ताव लोक शिक्षण संचालनालय को भेजा जाएगा।

मामले की सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि उक्त पत्र कलेक्टर कार्यालय के लेटरहेड पर जारी किया गया है, जबकि यह पत्राचार जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से संबंधित है। दस्तावेज सामने आने के बाद शिक्षा विभाग में अधिकार क्षेत्र और प्रशासनिक प्रक्रिया को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

इस संबंध में जब सरगुजा संभाग के संयुक्त संचालक शिक्षा विभाग संजय गुप्ता से चर्चा की गई तो उन्होंने कहा, आपके माध्यम से यह जानकारी मिली है कि बलरामपुर जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा कलेक्टर कार्यालय के लेटरहेड पर पत्र जारी किया गया है। प्रथम दृष्टया यह उचित प्रतीत नहीं होता। मामले की जानकारी ली जाएगी तथा जिला शिक्षा अधिकारी से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा।

संयुक्त संचालक के इस बयान के बाद मामला और गंभीर हो गया है। अब विभागीय स्तर पर इस पूरे प्रकरण की जांच और स्पष्टीकरण की प्रक्रिया शुरू होने की संभावना जताई जा रही है।

Tags: