बलरामपुर : अवैध उर्वरक परिवहन पर कार्रवाई, 240 बोरी जब्त
Posted on:
2026-07-09
बलरामपुर, 09 जुलाई ।बलरामपुर जिले में अवैध उर्वरक परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कृषि एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने बिना वैध दस्तावेज के जैविक खाद का परिवहन कर रहे एक ट्रक को जब्त किया है। वाहन से 240 बोरी जैविक खाद बरामद की गई है। इस संबंध में आज गुरुवार को जिला प्रशासन ने जानकारी दी।
कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देश पर जिले में अवैध उर्वरक और कृषि आदानों के परिवहन तथा विक्रय पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में 8 जुलाई को बसंतपुर पुलिस को अवैध परिवहन की सूचना मिली। सूचना के आधार पर वाहन क्रमांक सीजी-04-पीयू-5217 की जांच की गई।
जांच के दौरान चालक जैविक खाद के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने वाहन को अभिरक्षा में लेकर कृषि विभाग को सूचना दी। कृषि विभाग की टीम ने जांच में पाया कि ट्रक में 240 बोरी जैविक खाद लदी हुई थी। नियमानुसार खाद का नमूना लेकर परीक्षण के लिए भेजा गया है।
प्रारंभिक जांच में जैविक खाद हरियाली एग्रो, गोरखपुर (उत्तर प्रदेश) द्वारा निर्मित होना पाया गया, जिस पर निर्माण माह मई 2026 अंकित है। कृषि एवं पुलिस विभाग की संयुक्त कार्रवाई के दौरान वाहन को जब्त कर आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी की गई।
उप संचालक कृषि ने बताया कि उर्वरक (नियंत्रण) आदेश, 1985 के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि किसानों के हितों की सुरक्षा और गुणवत्तापूर्ण कृषि आदानों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जिले में इस तरह की जांच और कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।