IMG-LOGO

एशियाई अंडर-23 एथलेटिक्स चैंपियनशिप: भारत ने पहले दिन जीता 1 स्वर्ण समेत 5 पदक

Posted on: 2026-07-10
IMG

ओरडोस (चीन), 10 जुलाई ।  एशियाई अंडर-23 एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 में भारत ने शानदार शुरुआत करते हुए गुरुवार को पहले ही दिन एक स्वर्ण, एक रजत और तीन कांस्य सहित कुल पांच पदक अपने नाम किए। भारत का एकमात्र स्वर्ण पदक मिक्स्ड 4x400 मीटर रिले टीम ने जीता।

आस्तिक प्रधान, सैंड्रा मोल साबू, सेतु मिश्रा और श्रावणी सचिन सांगले की भारतीय चौकड़ी ने 3:18.64 सेकेंड का समय निकालकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। यह दिन का भारत के लिए आखिरी इवेंट था।

भारत का पहला पदक भरतप्रीत सिंह ने दिलाया, जिन्होंने पुरुष डिस्कस थ्रो में 52.91 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ कांस्य पदक जीता। चीन के ली झिक्सिन ने 60.79 मीटर के साथ स्वर्ण और उनके ही देश के जियांग जेहाओ ने 59.60 मीटर के साथ रजत पदक जीता।

पुरुषों की 5000 मीटर दौड़ में भारत ने दो पदक हासिल किए। शिवाजी परशुराम मदप्पागौड़ा ने 14:08.19 मिनट के समय के साथ रजत पदक जीता, जबकि विनोद सिंह ने 14:23.67 मिनट में दौड़ पूरी कर कांस्य पदक अपने नाम किया। जापान के रुई सुजुकी ने 14:01.24 मिनट के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता।

दिन का पांचवां पदक प्राची देवकर ने महिलाओं की 3000 मीटर स्टीपलचेज स्पर्धा में जीता। उन्होंने 10:32.69 मिनट का समय निकालकर कांस्य पदक अपने नाम किया। इस स्पर्धा में चीन की यांग यीतिंग ने 10:14.68 मिनट के साथ स्वर्ण और लियू युक्सिन ने 10:25.51 मिनट के साथ रजत पदक जीता।

एशियाई अंडर-23 एथलेटिक्स चैंपियनशिप के पहले संस्करण में भारत की ओर से 53 एथलीट हिस्सा ले रहे हैं। पहले दिन के प्रदर्शन के साथ भारतीय दल ने प्रतियोगिता में दमदार शुरुआत की है।

Tags: