अनूपपुर: गंगा सप्तमी पर मां नर्मदा की उद्गम में 25 हजार श्रद्धालुओं ने किया स्नान, की पूजा-अर्चना
Posted on:
2026-04-23
अनूपपु्र, 23 अप्रैल। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले की विश्व प्रसिद्ध तीर्थ नगरी मां नर्मदा की उद्गम स्थल अमरकंटक में गुरुवार को गंगा सप्तमी का पर्व श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया गया। मां नर्मदा के उद्गम स्थल परअब तक 25 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने पवित्र स्नान कर पूजा-अर्चना की और दान-पुण्य किया।
वैशाख शुक्ल पक्ष सप्तमी के मौके पर कोटितीर्थ घाट, रामघाट, पुष्कर बांध और आरंडी संगम तट पर बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। श्रद्धालुओं ने नर्मदा में डुबकी लगाकर सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।
दर्शन की रही लंबी कतार, विधि-विधान से पूजा
मां नर्मदा उद्गम मंदिर में दर्शन के लिए भक्त लंबी कतारों में खड़े नजर आए। पूजा के बाद श्रद्धालुओं ने भिक्षुओं को दान भी दिया। इस दिन मुंडन संस्कार का खास महत्व माना जाता है। कई परिवार अपने बच्चों का मुंडन कराने के लिए यहां पहुंचे और विधि-विधान से संस्कार करवाया।
शाम तक चलेगा स्नान
गंगा सप्तमी में नर्मदा स्नान सुबह 5 बजे से शुरू हुआ जो पूरे शाम तक चलता रहेगा। तेज धूप के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ। श्रद्धालु भजन-कीर्तन, मंजीरा और अन्य वाद्य यंत्रों के साथ भक्ति में लीन नजर आए। पूरे क्षेत्र में धार्मिक माहौल बना रहा। इस दौरान अनूपपुर जिले सहित आसपास के जिलों शहडोल, डिंडोरी, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही और बिलासपुर के श्रद्धालु यहां पहुंचे। रामघाट पार्किंग में वाहनों की भारी भीड़ रही। भीड़ के बीच पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से कई श्रद्धालुओं को पानी के लिए परेशान होना पड़ा।