मुख्यमंत्री ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम के प्रति जताया समर्थन , विपक्षी दलों के प्रयासों की निंदा
Posted on:
2026-04-28
नई दिल्ली, 28 अप्रैल । दिल्ली की मुख्यमंत्री ने रेखा गुप्ता ने मंगलवार को दिल्ली विधानसभा के एक दिवसीय विशेष सत्र के दौरान मंगलवार को नारी शक्ति वंदन अधिनियम के जल्द क्रियान्वयन के प्रति अपना पूर्ण समर्थन व्यक्त किया। उन्होंने चर्चा के दौरान सदन में महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में उठाए गए महत्वपूर्ण कदमों को विफल करने के विपक्षी दलों के प्रयासों की निंदा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सदन महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए किए गए सभी प्रयासों, जिनमें महिलाओं का आरक्षण भी शामिल है, का हार्दिक स्वागत करता है और नारी शक्ति वंदन अधिनियम के शीघ्र क्रियान्वयन के प्रति अपना पूर्ण समर्थन व्यक्त करता है।
सत्र शुरू होने से पहले मुख्यमंत्री और कैबिनेट के नेतृत्व में विधानसभा परिसर में भारतीय जनता पार्टी के (भाजपा) विधायकों ने विपक्षी पार्टियों के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री सहित विधायकों ने हाथ में काली पट्टी पहनकर विपक्षी पार्टियों का विरोध जाताया।
मुख्यमंत्री ने इस मौके पर कहा कि प्रधानमंत्री देश की बहनों और बेटियों को लोकसभा-विधानसभाओं में 33 फीसद आरक्षण दिलाने के लिए ऐतिहासिक नारी शक्ति वंदन अधिनियम लेकर आए। लेकिन सत्ता के स्वार्थ में डूबे विपक्ष ने एक बार फिर महिलाओं से उनका अधिकार छीनने का काम किया है। उन्होंने कहा कि देश की नारी शक्ति आने वाले समय में इन्हें सबक सिखाएगी। जो महिलाशक्ति का रास्ता रोकेंगे, जनता उन्हें जवाब देगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हम 33 फीसद महिला आरक्षण को निश्चित रूप से लागू कराएंगे और देश की नारी शक्ति को उनका अधिकार दिलाकर रहेंगे।