IMG-LOGO

उज्जैन में कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन, पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच हुई तीखी नोकझोंक, करना पड़ा लाठीचार्ज

Posted on: 2026-05-11
IMG

उज्जैन, 11 मई । किसान कांग्रेस के जिलाध्यक्ष अशोक जाट को जिलाबदर किए जाने के विरोध में सोमवार को मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले में कांग्रेस का प्रदर्शन बेहद तनावपूर्ण रहा। कलेक्ट्रेट का घेराव करने जा रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच बड़नगर रोड स्थित ब्रिज के नीचे करीब एक घंटे तक जमकर हंगामा और विवाद हुआ। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।

दरअसल, विधायक महेश परमार और नेता मुकेश भाटी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसान और कार्यकर्ता ट्रैक्टरों के साथ उज्जैन पहुंच रहे थे। पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से कलेक्ट्रेट की ओर जाने वाले रास्तों पर बैरिकेड्स लगा दिए थे। जब प्रदर्शनकारियों को रोका गया, तो वे आक्रोशित हो गए। विधायक महेश परमार और अन्य नेता बैरिकेड्स पर चढ़ गए, जिससे पुलिस अधिकारियों और उनके बीच तीखी बहस हुई।

किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह चौहान ने आरोप लगाया कि मंडियों के बाहर व्यापारियों द्वारा किसानों की फसलों की तुलाई में धांधली की जा रही है और प्रति क्विंटल 8 से 10 किलो ज्यादा अनाज लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब अशोक जाट ने इस लूट का विरोध किया और व्यापारियों पर कार्रवाई की मांग की, तो प्रशासन ने व्यापारियों पर मुकदमा दर्ज करने के बजाय जाट के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने का मामला दर्ज कर उन्हें जिलाबदर कर दिया।

प्रदर्शन के दौरान शहर के कई प्रमुख रास्तों पर ट्रैफिक डायवर्ट करना पड़ा और भारी पुलिस बल तैनात रहा। लाठीचार्ज के बाद मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई थी, लेकिन कार्यकर्ता अपनी मांगों को लेकर अड़े रहे। कांग्रेस का कहना है कि यह कार्रवाई किसानों की आवाज दबाने की कोशिश है, जिसे वे बर्दाश्त नहीं करेंगे। फिलहाल क्षेत्र में भारी सुरक्षा बल तैनात है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

Tags: