एन सी सी चयन प्रक्रिया संपन्न : 51 छात्र-छात्राओं ने देशसेवा की राह में बढ़ाया पहला कदम
Posted on:
2026-07-29
एन सी सी चयन प्रक्रिया संपन्न : 51 छात्र-छात्राओं ने देशसेवा की राह में बढ़ाया पहला कदम
रायगढ़ 29 जुलाई । राष्ट्र सेवा, अनुशासन और नेतृत्व की भावना को सशक्त करने वाली नेशनल कैडेट कोर (एनसीसी) की चयन प्रक्रिया आज बुधवार काे घरघोड़ा में उत्साहपूर्वक संपन्न हुई। इस चयन प्रक्रिया में आत्मानंद हिंदी एवं इंग्लिश मीडियम हाई स्कूल, कन्या शाला एवं अन्य विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कड़ी शारीरिक एवं स्वास्थ्य संबंधी परीक्षाओं के बाद 25 छात्र एवं 26 छात्राओं सहित कुल 51 विद्यार्थियों का एनसीसी कैडेट के रूप में चयन किया गया। चयनित सभी विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक एनसीसी के आवेदन पत्र भी भरे।
जिला एनसीसी कार्यालय से पहुंचे क्यूएम जितेन्द्र बघेल एवं सुबेदार (मेजर) जितेन्द्र राम के मार्गदर्शन में पूरी चयन प्रक्रिया निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हुई। चयन के दौरान विद्यार्थियों की लंबाई, स्वास्थ्य परीक्षण, दौड़ तथा विभिन्न शारीरिक दक्षता परीक्षणों के आधार पर उनकी योग्यता का आकलन किया गया।
इस अवसर पर आत्मानंद स्कूल के प्राचार्य संजय बोहिदार, संजय पंडा (एनसीसी स्कूल प्रभारी), प्रकाश पंडा (शिक्षक), एनसीसी सीएटीसी अधिकारी मनोज कुरे, खडबंदे सर, गुलाब भास्कर (संस्कृत आचार्य) एवं डमरूधर पटेल सहित अनेक शिक्षक उपस्थित रहे और विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
विद्यालय परिवार के सभी शिक्षकों ने चयनित विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। इनमें रंजनी पंडा, श्वेता सिंह, तृप्ति सिंह, कन्या शाला के प्राचार्य हरिश्चंद्र बेहरा, विजय पंडा सहित समस्त शिक्षकगण शामिल रहे। सभी ने आशा व्यक्त की कि चयनित कैडेट अनुशासन, सेवा और समर्पण की भावना के साथ विद्यालय, घरघोड़ा और जिले का नाम गौरवान्वित करेंगे।
चयन प्रक्रिया को लेकर घरघोड़ा सैनिक हॉस्पिटल के एमडी, नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार चौधरी, वर्तमान पार्षदगण एवं पूर्व एल्डरमैन शकील अहमद ने भी सभी चयनित छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि एनसीसी युवाओं में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और राष्ट्रभक्ति का विकास करती है तथा भविष्य में सेना एवं अन्य सेवाओं में उत्कृष्ट अवसर प्रदान करती है।
वहीं वर्ष 2025-26 के पूर्व एनसीसी कैडेट सीएचएम प्रियांश बैरागी ने भी सभी नव-चयनित कैडेटों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि वे अनुशासन, मेहनत और समर्पण के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करें तथा विद्यालय और देश का गौरव बढ़ाएँ।