IMG-LOGO

मणिपुर के संगीतकार चोंगथम विक्रम सिंह की मौत पर खरगे-राहुल ने जताया दुख,दोषियों पर कार्रवाई की मांग

Posted on: 2026-09-08
IMG

नई दिल्ली, 08 सितंबर । कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और पार्टी के मीडिया एवं प्रचार विभाग के अध्यक्ष पवन खेड़ा ने दिल्ली में मणिपुर के प्रख्यात संगीतकार चोंगथम विक्रम सिंह की कथित पिटाई के बाद हुई मौत पर दुख जताया है। कांग्रेस नेताओं ने मामले की त्वरित जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

मल्लिकार्जुन खरगे ने मंगलवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि भीड़ द्वारा चोंगथम विक्रम सिंह की निर्मम हत्या भाजपा शासन में कानून-व्यवस्था की स्थिति से जुड़ी एक और गंभीर घटना है। उन्होंने कहा कि छात्र सुरक्षित नहीं हैं, महिलाओं के खिलाफ अत्याचार हो रहे हैं और पूर्वोत्तर के लोगों के साथ भेदभाव की घटनाएं सामने आ रही हैं।

खरगे ने दिल्ली में अपराध की स्थिति को लेकर जवाबदेही तय करने की मांग करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना जताई और कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय मिलना चाहिए तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि चोंगथम विक्रम सिंह अपने घर के बाहर कुछ लोगों से शोर कम करने के लिए कहने गए थे, लेकिन उनकी पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। उन्होंने कहा कि इस घटना से दिल्ली में रहने वाले पूर्वोत्तर के परिवारों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हुए हैं। राहुल ने मामले की त्वरित जांच और दोषियों को न्याय के कटघरे में लाने की मांग की।

पवन खेड़ा ने कहा कि पहली नजर में यह शराब के नशे में हुई हिंसा की अलग घटना लग सकती है, लेकिन इसके पीछे व्यापक सामाजिक और प्रशासनिक विफलता भी दिखाई देती है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्षों से नियमों की अनदेखी, सार्वजनिक अव्यवस्था और कानून के असमान अनुपालन को सामान्य बना दिया गया है, जिससे दंड से बच निकलने की संस्कृति विकसित हुई है।

Tags: