नेतन्याहू ने किया मजबूत दक्षिणपंथी सरकार बनाने का आह्वान
Posted on:
2026-10-28
यरुशलम (इजराइल), 28 अक्टूबर । प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने बुधवार तड़के एक मजबूत दक्षिणपंथी सरकार बनाने का आह्वान किया। उन्होंने अरब पार्टियों पर निर्भर सरकार बनाने के खिलाफ चेतावनी दी। यहां लिकुड पार्टी के चुनाव मुख्यालय में कार्यकर्ताओं और पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि एग्जिट पोल से नतीजे स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। इसलिए अंतिम गिनती का इंतजार करना चाहिए।
द यरुशलम पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, नेतन्याहू ने कहा, \"लिकुड इजराइल की सबसे बड़ी पार्टी है।\" उन्होंने यह भी दावा किया कि यहूदी और जायोनी जनता के बीच और जो लोग यहूदी राज्य का समर्थन करते हैं, उनके बीच दक्षिणपंथी गुट को निर्णायक बहुमत हासिल है। नेतन्याहू ने कहा, \"हमें एक मजबूत, दक्षिणपंथी, राष्ट्रीय सरकार बनानी चाहिए।\"
उन्होंने ऐसी सरकार बनाने के खिलाफ चेतावनी दी जो उनके शब्दों में \'जायोनी-विरोधी\' अरब पार्टियों पर निर्भर हो। उन्होंने इन पार्टियों पर इजराइल के अस्तित्व का विरोध करने और उसके सैनिकों पर हमले करने का आरोप लगाया। उन्होंने उन राजनेताओं को चुनौती दी जो सेना में सेवा देने वालों के गठबंधन की वकालत करते हैं और उनसे पूछा कि वे इन अरब पार्टियों के साथ सहयोग करने के बारे में कैसे सोच सकते हैं।
नेतन्याहू ने अपनी सरकार की सैन्य उपलब्धियों और अधूरे कामों का जिक्र किया। उन्होंने ईरानी खतरे को दूर करने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ काम करने के एक मौके का जिक्र किया। इस बीच लिकुड पार्टी के निवर्तनान सांसद अमित हलेवी ने नेतन्याहू के गुट के लिए शुरुआती अनुमान में बताई गई 50 सीटों पर सवाल उठाया। उन्होंने तर्क दिया कि यह उनके समर्थन को कम करके दिखाता है और यह अंतिम परिणाम नहीं होगा। उन्होंने इस चुनाव को 7 अक्टूबर के हमलों और तीन साल के युद्ध के प्रति इजराइली समाज की प्रतिक्रिया बताया।
हलेवी ने अरब पार्टियों की संभावित ताकत की ओर भी इशारा किया। उन्होंने कहा कि उनके राजनीतिक प्रभाव पर उनकी आपत्ति उनकी जातीयता को लेकर नहीं, बल्कि उनकी \'कट्टरपंथी विचारधारा\' को लेकर है। इस दौरान लिकुड के पुराने सदस्य मीर कोहेन से पूछा गया कि नेतन्याहू इस अनिश्चितता से कैसे निपटेंगे और सरकार कैसे बनाएंगे तो उनका जवाब बहुत सीधा था। उन्होंने कहा, \"मुझे नेतन्याहू पर भरोसा है।\"